गुरुवार, 14 अक्तूबर 2021

बिना इंसानियत इन्सान सच्चा हो नहीं सकता

बिना इंसानियत इन्सान सच्चा हो नहीं सकता |
हुआ अपना नहीं जो वो किसी का हो नहीं सकता |
 
अगर तुलना करें इक घाव की पाया जो गैरों से, 
मिला अपनों से उससे तो वो गहरा हो नहीं सकता |
 
यही हम सोचते अक्सर जो अनहोनी कभी होती, 
सरासर झूठ है ये बात, ऐसा हो नहीं सकता |

हमेशा लील जाते हैं बड़े अपनों से छोटों को, 
गिरा सागर में दरिया तो वो दरिया हो नहीं सकता |
 
हुए जब भी अलग माँ-बाप बच्चे पर बुरी बीती, 
पिता का हो नहीं सकता या माँ का हो नहीं सकता |
 
जगह दिल में किसी के भी बड़ी मुश्किल से बनती है, 
अगर दिल टूट जाए फिर भरोसा हो नहीं सकता |
 
न मानो तुम भले लेकिन सही ये बात है तो है, 
गलत मंजिल अगर हो ठीक रस्ता हो नहीं सकता |
 
दिलों को जीत सकते हैं, पिघल सकते हैं पत्थर भी,
मुहब्बत की जुबां से ये कहो क्या हो नहीं सकता |
 
कमी तो दौलतों की रौशनी में हो भी सकती है, 
अगर हो इल्म की दौलत, अँधेरा हो नहीं सकता |
 
सितारे अब कहे जाते यहाँ मशहूर कुछ चेहरे, 
मगर जो रौशनी ना दे सितारा हो नहीं सकता |
 
सभी के वास्ते भगवान ने सौंपी अलग नेमत, 
जो तेरा है वो तेरा है, ‘अनघ’ का हो नहीं सकता | 

Copyright@PBChaturvedi