शुक्रवार, 10 सितंबर 2021

न्यायालय में न्याय नहीं है

न्यायालय में न्याय नहीं है |
दूजा और उपाय नहीं है |
 
मत बाँधो इसको खूंटे से,
बेटी है ये गाय नहीं है |
 
मोमबत्तियां जला रहे हैं,
न्याय भरा समुदाय नहीं है |
 
निर्भयता से बेटी रह ले,
ऐसी एक सराय नहीं है |
 
नेताओं की पुस्तक में क्यों,
सच जैसा अध्याय नहीं है |
 
दौलत नित बढ़ती पर कहते,
राजनीति व्यवसाय नहीं है |
 
खर्चे पर खर्चे करते हैं,
लेकिन कोई आय नहीं है |
 
सच, ईमान जहाँ सब सीखें,
जग में वो संकाय नहीं है |
 
अपराधी फल-फूल रहे हैं,
क्या अब लगती हाय नहीं है ?
 
जब अखबार नहीं; लगता है,
आज सुबह की चाय नहीं है |
 
जयचन्दों से देश भरा है,
कोई पन्ना-धाय नहीं है |
 
प्रतिभाओं का वंचित रहना,
क्या ये भी अन्याय नहीं है ?
 
तेरी-मेरी, इसकी-उसकी,
मिलती ‘अनघ’ क्यों राय नहीं है | 
Copyright@PBChaturvedi